Rajasthan News: चोरी के डर से बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर इमरजेंसी वार्ड के अंदर तक ले गया बुजुर्ग, वीडियो वायरल
राजस्थान के डीग जिला अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर सीधे इमरजेंसी वार्ड के भीतर ले जाता नजर आ रहा है। अस्पताल में सुरक्षित पार्किंग और गार्ड्स न होने के कारण वाहन चोरी का डर बना रहता है, जिसके चलते लोग अपने वाहन (साइकिल, बाइक) वार्डों के अंदर तक ले जाते हैं। अस्पताल प्रशासन ने भी इस मामले में अपनी बेबसी जाहिर की है।
डीग (राजस्थान)। राजस्थान के डीग जिला अस्पताल (Deeg District Hospital) से प्रशासनिक लचरता और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता एक बेहद हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां अस्पताल में स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की कमी नहीं है, बल्कि 'वाहन चोरी के डर' ने पूरी व्यवस्था को ही बेपटरी कर दिया है। शनिवार को एक बुजुर्ग अपनी बीमार पत्नी को साइकिल पर बैठाकर सीधे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के भीतर (Emergency Ward) तक पहुंच गया।
इलाज के दौरान साइकिल वार्ड में ही खड़ी रही और इलाज के बाद बुजुर्ग उसी तरह अपनी पत्नी को साइकिल के कैरियर पर बैठाकर वार्ड से बाहर निकल गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चोरी का डर और पार्किंग का अभाव
अस्पताल के भीतर साइकिल या दोपहिया वाहनों का पहुंचना अब यहां आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिला अस्पताल परिसर में पार्किंग की कोई सुरक्षित या पुख्ता जगह नहीं है। डॉक्टर, कर्मचारी और मरीजों के परिजनों को अपने वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़ते हैं। अस्पताल में गार्ड की भी कोई माकूल व्यवस्था नहीं है, जिसका फायदा उठाकर मरीज के परिजन अपनी स्कूटी, बाइक और साइकिल चोरी होने के डर से सीधे वार्डों तक ले जाते हैं।
अस्पताल प्रशासन ने जताई 'बेबसी'
इस वायरल वीडियो और अस्पताल की अव्यवस्था पर जब डीग जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. जितेंद्र फौजदार से बात की गई, तो उन्होंने अपनी बेबसी जाहिर की। डॉ. फौजदार ने स्वीकार किया कि गार्ड्स की कमी के कारण लोग अक्सर बाइक तक अंदर ले आते हैं। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो वाला बुजुर्ग अपनी पत्नी को दिखाने के लिए अक्सर अस्पताल आता रहता है और मोटरसाइकिल या साइकिल चोरी जैसी घटनाओं से बचने के लिए लोग ऐसा कदम उठाते हैं। फिलहाल, बुजुर्ग के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0