फर्स्ट इंडिया न्यूज़ जयपुर म्यूज़िक स्टेज की धमाकेदार शुरुआत, JLF 2026 में छाया लाइव म्यूज़िक का रंग
जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के साथ फर्स्ट इंडिया न्यूज़ जयपुर म्यूज़िक स्टेज की शुरुआत हो गई। पहले ही दिन स्टेज पर ऐसा म्यूज़िक हुआ कि दर्शक जमकर झूम उठे। सरोद वादक सौमिक दत्ता ने अपने खास प्रोग्राम Travellers के ज़रिए शांत, सुरीला और सोचने पर मजबूर करने वाला माहौल बनाया, वहीं वासु दीक्षित कलेक्टिव ने फोक, रॉक और इलेक्ट्रॉनिक धुनों पर बसवन्ना और कबीर के शब्दों को नए अंदाज़ में पेश किया।
जयपुर, 15 जनवरी 2026। वेदांता प्रेज़ेंट्स जयपुर लिटरेچر फेस्टिवल 2026 के मौके पर फर्स्ट इंडिया न्यूज़ जयपुर म्यूज़िक स्टेज (JMS) की शुरुआत होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में यादगार अंदाज़ में हुई। साहित्यिक बहसों और सत्रों के बीच यह म्यूज़िक स्टेज तीन दिन तक शाम को दर्शकों के लिए जीवंत, ऊर्जावान और विविधतापूर्ण संगीत का खास मंच बनेगा, जहां देश के समकालीन संगीत परिदृश्य के अलग–अलग रंग देखने को मिलेंगे।
ओपनिंग नाइट पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातनाम सरोद वादक सौमिक दत्ता ने अपने प्रोजेक्ट Soumik Datta | Travellers के साथ श्रोताओं को एक गहरे, चिंतनशील संगीत सफर पर ले गए। सरोद की मार्मिक ध्वनि को एम्बियंट टेक्सचर्स, फील्ड रिकॉर्डिंग, स्पोकन वर्ड और इमर्सिव साउंड डिज़ाइन के साथ जोड़ते हुए उन्होंने एक ऐसा माहौल रचा जिसमें श्रोता मानो ध्वनियों के बीच यात्रा करते नज़र आए। यह प्रस्तुति उनके देशभर में चल रहे सात महीने लंबे ‘Melodies in Slow Motion’ टूर का हिस्सा है, जिसके लिए उन्हें 2025 का Eastern Eye ACTA म्यूज़िक अवॉर्ड भी मिल चुका है।
पहले दिन की दूसरी प्रस्तुति रही वासु दीक्षित कलेक्टिव की, जो अपने इलेक्ट्रॉनिक–फोक साउंड के लिए जाना जाता है। कन्नड़ और हिंदी की लोक–परंपरा में जड़ें रखने वाले इस बैंड ने संत–कवियों बसवन्ना और कबीर के पदों व काव्य को समकालीन अंदाज़ में पेश किया। वासु दीक्षित की गायकी, बैंड के जोशीले एरेंजमेंट्स और लोक, रॉक व इलेक्ट्रॉनिक धुनों के मेल ने मंच को ऊर्जावान बना दिया और दर्शक लंबे समय तक तालियां और हूटिंग करते रहे।
आयोजकों के अनुसार, जयपुर म्यूज़िक स्टेज 2026 दुनिया भर के विभिन्न कलाकारों को एक साथ लाकर संगीत के उस मूल भाव का उत्सव मनाएगा जिसमें सीमाओं से परे जाकर रचनात्मक आज़ादी और सहयोग को महत्व दिया जाता है। यह मंच केवल दिनभर के साहित्यिक सत्रों के बाद श्रोताओं के लिए ‘रिट्रीट’ नहीं, बल्कि अपने–आप में एक पूरा म्यूज़िक फ़ेस्टिवल है, जिसमें वर्ल्ड म्यूज़िक, ग़ज़ल, जैज़, रॉक और ब्लूज़ जैसी विधाओं की भी झलक देखने को मिलेगी।
टीमवर्क आर्ट्स द्वारा तैयार इस तीन दिवसीय म्यूज़िक स्टेज के ज़रिए जयपुर एक बार फिर वैश्विक साहित्य–कला मानचित्र पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहा है, जहां शब्दों के साथ–साथ सुरों और तालों की भी अनूठी संगत सुनाई दे रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0