Rajasthan News: 'हमने कोई योजना बंद नहीं की', पूर्व CM अशोक गहलोत पर डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा का तीखा पलटवार
राजस्थान के डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तीखा पलटवार किया है। बैरवा ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने कोई योजना बंद नहीं की है, बल्कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैला रही है। उन्होंने उल्टा कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने शासनकाल में 'भामाशाह' और 'जल स्वावलंबन' जैसी भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद किया था।
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में योजनाओं को बंद करने के आरोपों पर जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) के बयानों पर पलटवार करते हुए राज्य के उप-मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा (Dr. Premchand Bairwa) ने कांग्रेस पर भ्रम और झूठ फैलाने का कड़ा आरोप लगाया है। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार की किसी भी योजना को बंद नहीं किया है।
'कांग्रेस ने बंद की थीं भाजपा की योजनाएं'
डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने पूर्व सीएम गहलोत पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि योजनाएं बंद करने का काम असल में कांग्रेस सरकार ने किया था। उन्होंने कहा, "कांग्रेस सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं— भामाशाह योजना, अन्नपूर्णा योजना और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना को न केवल बंद किया, बल्कि उनके स्वरूप को बिगाड़कर जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया था।
'डबल इंजन सरकार की स्पीड कांग्रेस को रास नहीं आ रही'
डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल खोखले चुनावी वादों और बयानबाजी तक ही सीमित रहती है। वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में 'डबल इंजन की सरकार' डबल स्पीड से काम कर रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के लिए ठोस नीतियां बना रही है और पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है।
बैरवा ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में हो रहा यह तेज गति का विकास कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है, इसीलिए वे बेबुनियाद आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0