Rajasthan News: 'कांग्रेस नेताओं के सामने खुद को बड़ा साबित कर रहे गहलोत', BJP प्रदेश प्रभारी का बड़ा बयान; मंत्रिमंडल विस्तार पर भी दी अपडेट
राजस्थान BJP के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा है कि गहलोत 'इंतजार शास्त्र' के जरिए कांग्रेस में खुद को बड़ा साबित करने की आंतरिक लड़ाई लड़ रहे हैं।
जयपुर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल (Radha Mohan Das Agarwal) ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार किया है। मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अग्रवाल ने गहलोत पर कांग्रेस पार्टी के भीतर गुटबाजी करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्होंने प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चल रही अटकलों पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
'बंदूकें हमारी तरफ, निशाना अपनी ही पार्टी के नेता'
अशोक गहलोत के सोशल मीडिया अभियान 'इंतजार शास्त्र' पर चुटकी लेते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पूर्व सीएम हम पर कोई इंतजार शास्त्र नहीं चला रहे हैं, बल्कि वे कांग्रेस के दूसरे नेताओं के सामने खुद को बड़ा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। अग्रवाल ने कहा, "यह उनकी आंतरिक लड़ाई है और वे आपस में ही लड़ रहे हैं। गहलोत की बंदूकें हमारी ओर जरूर चलती हैं, लेकिन उनका असली निशाना अपना ही संगठन और अपनी ही पार्टी के नेता होते हैं।" इस दौरान राधा मोहन अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हालिया बयान का भी समर्थन किया और उनकी तारीफ करते हुए कहा कि जो लोग अच्छा कार्य करते हैं, उन्हें हमेशा समुचित स्थान दिया जाना चाहिए।
मंत्रिमंडल विस्तार और नियुक्तियों पर क्या बोले?
लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर विराम लगाते हुए अग्रवाल ने कहा कि फिलहाल मंत्रिमंडल बना हुआ है, इसलिए इसमें बदलाव या विस्तार करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का विशेषाधिकार है; वे अपने मंत्रियों के कामकाज का मूल्यांकन कर रहे हैं और उचित समय पर निर्णय लेंगे।
वहीं राजनीतिक नियुक्तियों पर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया चल रही है। चूंकि फैसले कई स्तरों से होकर गुजरते हैं, इसलिए थोड़ा समय लग रहा है, लेकिन जल्द ही इनकी घोषणा की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि राजस्थान के नए प्रशासनिक जिलों के अनुसार ही भाजपा के नए संगठनात्मक जिले भी बनाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष को सौंप दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0