Rajasthan News: जयपुर के चौंप स्टेडियम में देरी पर भड़के अशोक गहलोत, BJP सरकार पर साधा तीखा निशाना
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के चौंप क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। अपनी 'इंतज़ारशास्त्र' सीरीज के जरिए गहलोत ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते 24 महीने में पूरा होने वाला प्रोजेक्ट 36 महीने बाद भी अधूरा है।
जयपुर। राजस्थान में जयपुर के चौंप गांव में बन रहे दुनिया के तीसरे सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य राजनीति की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। इस 'ड्रीम प्रोजेक्ट' में हो रही भारी देरी को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्तमान भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। गहलोत ने सोशल मीडिया पर अपनी 'इंतज़ारशास्त्र' सीरीज का छठा चैप्टर (Intezaarshastra Chapter 6) जारी करते हुए सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम की नींव रखी गई थी। 5 फरवरी 2022 को इसका शिलान्यास हुआ था और 24 महीने (फरवरी 2024 तक) में इसके पहले फेज का काम पूरा होना था। लेकिन आज 36 महीने बीत जाने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है। गहलोत ने चिंता जताते हुए कहा कि काम में हो रही इस देरी से निर्माण लागत लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता और खेल प्रेमियों को उठाना पड़ रहा है।
पूर्व सीएम ने इस देरी को सीधे तौर पर भाजपा सरकार की 'खेल-विरोधी सोच' और 'राजनीतिक द्वेष' का नतीजा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्वास्थ्य और विकास कार्यों के साथ-साथ खेल सुविधाओं की भी अनदेखी कर रही है। इसके अलावा, उन्होंने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) की खस्ताहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से चुनाव कराकर नया अध्यक्ष तक नहीं चुना जा सका है।
आपको बता दें कि जयपुर में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पास अपना कोई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम नहीं था, जिसे देखते हुए चौंप में यह मेगा प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। शुरुआत में इसकी क्षमता 45 हजार दर्शकों की तय की गई थी, जिसे दूसरे फेज में बढ़ाकर 75 हजार किया जाना था। अगर यह समय पर पूरा होता, तो यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बन जाता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0