छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर छात्रनेता एमएल चौधरी ने राज्यपाल को सौंपा रक्तपत्र, दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
राजस्थान के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जोधपुर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है।
जोधपुर। प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन अब और अधिक आक्रामक होता जा रहा है। इसी कड़ी में जोधपुर संभाग मुख्यालय पर जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर छात्र नेता एमएल चौधरी (ML Chaudhary) के नेतृत्व में छात्रों ने अनोखा और जोरदार प्रदर्शन किया।
छात्रों ने अपने खून से पत्र लिखकर महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने की पुरजोर मांग की गई।
"छात्रसंघ लोकतंत्र की प्रथम पाठशाला"
रक्तपत्र सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए छात्रनेता एमएल चौधरी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल राजनीति का अखाड़ा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के नेतृत्व विकास और उनके अधिकारों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
लोकतंत्र की नींव: चौधरी ने कहा, "छात्रसंघ लोकतंत्र की प्रथम पाठशाला है, यहीं से भविष्य के कुशल नेतृत्व का निर्माण होता है। चुनाव बंद होने से आज छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है।"
शुभम रेवाड़ के अनशन का समर्थन: उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र नेता शुभम रेवार का जिक्र किया, जो छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। चौधरी ने सरकार से मांग की कि उनके संघर्ष को देखते हुए तुरंत सकारात्मक कदम उठाया जाए।
सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
छात्र नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले में जल्दबाजी नहीं दिखाई और कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, तो छात्र शक्ति चुप नहीं बैठेगी। पूरे राजस्थान में व्यापक स्तर पर उग्र छात्र आंदोलन किया जाएगा। इस संभावित आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।
इस प्रदर्शन के दौरान गौरव गहलोत, त्रिलोक चौधरी, गोपाल, हेमंत सियोल, लोकेश, अरशद, कैलाश, पंकज और राकेश सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय (JNVU) के छात्रों की इस मुखर मांग के बाद अब प्रदेशभर में एक बार फिर छात्र राजनीति के गरमाने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0