Rajasthan News: 'रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो कांग्रेस का विजन, BJP केवल ले रही श्रेय', टीकाराम जूली का मदन राठौड़ पर पलटवार
राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो के उद्घाटन/मंजूरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दोनों प्रोजेक्ट्स को कांग्रेस का विजन बताते हुए BJP पर तैयार काम का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। जूली ने कहा कि 2013 में कांग्रेस द्वारा शुरू की गई रिफाइनरी को भाजपा ने राजनीतिक द्वेष से अटकाया, जिससे इसकी लागत 37 हजार करोड़ से बढ़कर 80 हजार करोड़ रुपये हो गई।
जयपुर। राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी (Pachpadra Refinery) के आगामी 21 अप्रैल को प्रस्तावित लोकार्पण और जयपुर मेट्रो को मिली मंजूरी के बाद प्रदेश की सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। इन मेगा प्रोजेक्ट्स का श्रेय लेने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस (Congress) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा रिफाइनरी को पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की पहल बताए जाने के बाद, अब राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली (Tikaram Jully) ने कड़ा पलटवार किया है। जूली ने पचपदरा रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो (Jaipur Metro) दोनों प्रोजेक्ट्स को विशुद्ध रूप से 'कांग्रेस का विजन' बताते हुए भाजपा पर 'तैयार काम का श्रेय लूटने' का आरोप लगाया है।
'भाजपा के कारण 37 हजार करोड़ का प्रोजेक्ट 80 हजार करोड़ पहुंचा'
मदन राठौड़ के बयानों को तथ्यों से परे बताते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि रिफाइनरी के रास्ते में रोड़े अटकाने का काम सिर्फ भाजपा ने किया है। उन्होंने याद दिलाया कि सितंबर 2013 में कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना को 37,230 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया था। लेकिन राजनीतिक द्वेष के चलते पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा की इस देरी के कारण आज प्रोजेक्ट की लागत बढ़कर लगभग 80,000 करोड़ रुपये हो गई है, जिसका सीधा आर्थिक बोझ प्रदेश की जनता पर पड़ा है।
'काम न रुकता तो 4 साल पहले मिल जाता रोजगार'
जूली ने दावा किया कि अगर 2013 के बाद भाजपा सरकार रिफाइनरी का काम न रोकती, तो यह चार साल में ही बनकर तैयार हो जाती और प्रदेश के युवाओं को समय पर रोजगार का लाभ मिल जाता। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2018 में वापस कांग्रेस सरकार बनने के बाद ही रिफाइनरी का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया और आज उसी के चलते यह परियोजना लोकार्पण के लिए तैयार हो पाई है।
जयपुर मेट्रो पर भी भाजपा को घेरा
पचपदरा रिफाइनरी के साथ-साथ टीकाराम जूली ने जयपुर मेट्रो परियोजना को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयपुर में मेट्रो लाने का विचार और उसे धरातल पर उतारने का पूरा काम कांग्रेस सरकार की देन है। जबकि सत्ता में रहते हुए भाजपा ने इस परियोजना को बार-बार बाधित किया। जूली ने कहा कि विकास की गति को "अटकाने, लटकाने और भटकाने" के लिए भाजपा को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0