विधायक मनीष यादव ने अरावली संरक्षण को समर्पित किया जन्मदिन, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब

जन्मदिन कार्यक्रम में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और ढाणियों से बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और आमजन पहुंचे। कई विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ लोगों ने विधायक मनीष यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

Dec 22, 2025 - 17:45
 0
विधायक मनीष यादव ने अरावली संरक्षण को समर्पित किया जन्मदिन, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब
MLA Manish Yadav dedicated his birthday to Aravalli

जयपुर। शाहपुरा कांग्रेस विधायक मनीष यादव ने अपना 38वां जन्मदिन सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित करते हुए मनाया। इस अवसर पर कस्बे के शेरी रिसॉर्ट स्थित वंडरलैंड वाटर पार्क में विशाल रक्तदान शिविर और “अरावली बचाओ, जीवन बचाओ” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा और रक्तदान के लिए उपलब्ध बैग तक कम पड़ गए।

अपने जन्मदिन की शुरुआत विधायक मनीष यादव ने माता-पिता से आशीर्वाद लेकर की। इसके बाद वे अमरसर काली माता मंदिर पहुंचे, जहां साधु-संतों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने क्षेत्र की जनता और समाज के कल्याण की कामना की।

जन्मदिन कार्यक्रम में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और ढाणियों से बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और आमजन पहुंचे। कई विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ लोगों ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव साफ नजर आया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अरावली पर्वत श्रृंखला को बचाने के लिए जागरूकता रैली निकाली। रैली के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और अरावली को बचाने की अपील की गई। विद्यार्थियों ने कहा कि अरावली केवल पहाड़ नहीं, बल्कि जल, पर्यावरण और जीवन की सुरक्षा का आधार है।

रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जयपुर और स्थानीय ब्लड बैंकों की दो दर्जन से अधिक टीमों ने रक्त संग्रहण का कार्य किया। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के आने से कुछ समय के लिए रक्त संग्रहण बैग भी कम पड़ गए।
गौरतलब है कि विधायक मनीष यादव पिछले 16 वर्षों से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहे हैं। उनके प्रयासों से अब तक 20 हजार से अधिक परिवारों को जीवनरक्षक सहायता मिल चुकी है। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से की गई अपीलों के जरिए 8 हजार से अधिक जरूरतमंदों को लाइव एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) की मदद भी मिल चुकी है।

कार्यक्रम में जयपुर ग्रामीण ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ता विधायक को बधाई देने पहुंचे। इस अवसर पर कई विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं द्वारा दान-पुण्य कर विधायक के दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक मनीष यादव ने कहा कि यह जन्मदिन केवल उनका व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का संदेश है। उन्होंने कहा, “आप सभी ने रक्तदान कर न केवल मुझे बधाई दी, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का संदेश भी दिया है। दूर-दराज से आए लोगों ने आज सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश किया है।”

अरावली बचाओ, जीवन बचाओ अभियान की शुरुआत

इस अवसर पर विधायक मनीष यादव ने “अरावली बचाओ, जीवन बचाओ” अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने बैलून उड़ाकर अभियान का शुभारंभ किया और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया, जिसमें हजारों लोगों ने समर्थन में हस्ताक्षर किए।
विधायक ने कहा कि अरावली हमारी जीवनरेखा है और इसकी सुरक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0