चूरू सांसद राहुल कस्वां के प्रयास से बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन को सादुलपुर और गुरूग्राम में ठहराव की मंजूरी

सांसद राहुल कस्वां ने इस सेवा के लिए रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों से लगातार बातचीत कर इसे सुनिश्चित करवाया है।

Aug 22, 2025 - 22:37
Aug 22, 2025 - 22:42
 0
चूरू सांसद राहुल कस्वां के प्रयास से बीकानेर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन को सादुलपुर और गुरूग्राम में ठहराव की मंजूरी
Churu MP Rahul Kaswan & Aswini Vaishnav

बीकानेर से दिल्ली के लिए शुरू होने जा रही नई वंदे भारत ट्रेन के रूट में चूरू लोकसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। चूरू के सांसद राहुल कस्वां के विशेष प्रयासों और रेल मंत्री व रेलवे अधिकारियों के साथ सतत संवाद के बाद ट्रेन का ठहराव सादुलपुर एवं गुरूग्राम स्टेशनों पर सुनिश्चित किया गया है।

राहुल कस्वां ने बताया कि इस ट्रेन का रूट चूरू, रतनगढ़, सादुलपुर, रेवाड़ी, गुरूग्राम होते हुए दिल्ली कैंट तक रहेगा। इससे चूरू, सादुलपुर सहित आसपास के यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत ट्रेन पांच लोकसभा क्षेत्रों को जोड़ती है, जिसमें सर्वाधिक ठहराव चूरू लोकसभा के भीतर ही रहेगा।

रेलवे के उच्च अधिकारियों से मिलकर सांसद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीकानेर से ट्रेन सुबह 05:45 बजे शुरू होकर 07:20 रतनगढ़, 08:00 चूरू, 08:45 सादुलपुर, 10:45 रेवाड़ी, 11:30 गुरूग्राम और 11:50 दिल्ली कैंट पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली कैंट से सायं 04:45 बजे रवाना होकर, गुरूग्राम, रेवाड़ी, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ होते हुए रात 11 बजे बीकानेर पहुंचेगी।

इससे पहले बीकानेर, श्रीगंगानगर से दिल्ली व जयपुर से चंडीगढ़ वाया सीकर-चूरू-सादुलपुर-हिसार वंदे भारत ट्रेनों के प्रस्ताव पर तकनीकी कारणों से संचालन संभव नहीं हो पा रहा था। रेलवे वॉशिंग लाइन की क्षमता बढ़ने और हनुमानगढ़ में नई वॉशिंग लाइन शुरू होने से कई नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता खुल गया है।

सांसद राहुल कस्वां का कहना है कि उनके निरंतर प्रयासों से चूरू लोकसभा क्षेत्र की रेल सुविधाओं को और बेहतर किया जा रहा है ताकि इलाके के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल सेवा का लाभ मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0