Rajasthan News: राजसमंद में छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या में भारी हंगामा, रविंद्र भाटी के समर्थकों ने की नारेबाजी
बाड़मेर विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच चल रहा विवाद राजसमंद पहुंच गया है। मेंगटिया गांव में शनिवार रात छोटू सिंह रावणा की भजन संध्या में भाटी समर्थकों ने भारी हंगामा और नारेबाजी की। युवाओं ने चेतावनी दी है कि मेवाड़ में रावणा का हर जगह विरोध होगा। हाल ही में छोटू सिंह ने विधायक भाटी पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था।
राजसमंद। शिव (बाड़मेर) के निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी (Ravindra Singh Bhati) और मशहूर भजन गायक छोटू सिंह रावणा (Chhotu Singh Rawana) के बीच चल रही तकरार अब पूरे प्रदेश में फैलती नजर आ रही है। बाड़मेर से शुरू हुआ यह विवाद अब मेवाड़ के राजसमंद (Rajsamand) जिले तक पहुंच गया है। शनिवार (4 अप्रैल) देर रात राजसमंद के मेंगटिया गांव में आयोजित एक भजन संध्या के दौरान छोटू सिंह रावणा को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
मंच पर आते ही शुरू हुई भाटी समर्थकों की नारेबाजी
मिली जानकारी के अनुसार, मेंगटिया गांव में रात करीब 11:30 बजे जैसे ही भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपनी प्रस्तुति देने के लिए मंच पर पहुंचे, वहां मौजूद युवाओं ने विधायक रविंद्र सिंह भाटी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। युवाओं ने रावणा के कार्यक्रम का खुलकर विरोध किया, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर भारी तनाव पैदा हो गया।
आयोजन समिति और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत से मामला शांत हुआ। हालांकि, भाटी समर्थकों ने चेतावनी दी है कि मेवाड़ क्षेत्र में जहां भी छोटू सिंह रावणा का कार्यक्रम होगा, वहां उनका इसी तरह विरोध किया जाएगा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आखिर क्या है विवाद की असली वजह?
विधायक रविंद्र भाटी और छोटू सिंह रावणा के बीच विवाद विधानसभा चुनाव 2023 के समय से ही चला आ रहा है। लेकिन हाल ही में इस आग ने तब तूल पकड़ा, जब एक बच्चे की मदद से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दोनों आमने-सामने आ गए। छोटू सिंह रावणा ने आरोप लगाया कि विधायक भाटी ने उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद रावणा राजपूत समाज ने एकजुट होकर भाटी के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने भाटी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर, विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि कुछ लोग जानबूझकर झूठा नैरेटिव फैला रहे हैं और मामले को गलत तरीके से पेश कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0