राजस्थान विश्वविद्यालय फिजिक्स विभाग में गाइड बदलने और NOC पर विवाद, शोधार्थियों का HOD दफ़्तर घेराव
राजस्थान विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में शोधार्थियों ने गाइड परिवर्तन और NOC जारी करने में कथित मनमानी के विरोध में विभागाध्यक्ष का घेराव किया।
जयपुर, 13 सितम्बर — राजस्थान विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में शुक्रवार को शोधार्थियों ने विभागाध्यक्ष (HOD) दफ़्तर के बाहर धरना देकर जोरदार नारेबाज़ी की। उनका आरोप है कि गाइड परिवर्तन और NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जैसी बुनियादी अकादमिक प्रक्रियाएँ महीनों से अटकी हुई हैं, जिससे छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है और अकादमिक व करियर अवसरों पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेताओं अरविंद नांगल, प्रदीप मांडोता, मनोज और राजकुमार ने किया, जिसमें दर्जनों शोधार्थी शामिल हुए।
एक शोधार्थी ने बताया कि वह पिछले आठ महीनों से गाइड बदलने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए विभाग के चक्कर लगा रहा है, लेकिन “फाइल बिना वजह लंबित” है। दूसरे स्कॉलर ने कहा कि “NOC न मिलने से फेलोशिप जॉइनिंग और ऑफ़र लेटर होल्ड पर हैं”, जिससे आर्थिक और करियर दोनों मोर्चों पर नुकसान हो रहा है। छात्रों ने कहा कि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में भी मानसिक दबाव के गंभीर मामले सामने आए हैं; ऐसे में प्रशासन का समय पर समाधान न करना चिंताजनक है।
प्रदर्शनकारियों ने चार मुख्य मांगें रखीं—
(1) गाइड परिवर्तन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध किया जाए; (2) NOC रोकने पर स्पष्ट समयसीमा और जवाबदेही तय हो; (3) मानसिक उत्पीड़न पर स्वतंत्र जांच के लिए कमेटी बने; (4) विभाग में छात्रहितैषी, जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित हो। छात्र नेताओं ने चेताया कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे कुलपति कार्यालय का घेराव करेंगे और राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
1
Sad
0
Wow
0