Rajasthan News: 'पद तो खुद चलकर आएगा...', BJP स्थापना दिवस पर वसुंधरा राजे ने पार्टी नेतृत्व को चेताया, दिया बड़ा संदेश

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस पर जयपुर में पार्टी नेतृत्व को राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर नसीहत दी। राजे ने कहा कि दलबदलुओं और 'अवसरवादियों' के बजाय पार्टी के वफादार और मूल विचारधारा वाले कार्यकर्ताओं को ही अहम पद मिलने चाहिए। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि 'पद के लालच में नहीं, निस्वार्थ काम करो, पद खुद चलकर आएगा।'

Apr 6, 2026 - 17:06
 0
Rajasthan News: 'पद तो खुद चलकर आएगा...', BJP स्थापना दिवस पर वसुंधरा राजे ने पार्टी नेतृत्व को चेताया, दिया बड़ा संदेश
Ex CM Vasundhara Raje

जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे (Vasundhara Raje) ने एक बार फिर अपने बयानों से सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है। 6 अप्रैल को भाजपा के 47वें स्थापना दिवस (BJP Foundation Day) के अवसर पर जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजे ने पार्टी नेतृत्व को राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर एक बड़ी नसीहत दी और कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

वसुंधरा राजे की इस साफगोई और उनके कड़े संदेश को राजस्थान के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में काफी अहम माना जा रहा है।

'अवसरवादियों को नहीं, वफादार कार्यकर्ताओं को दें पद'

पूर्व सीएम ने अपने संबोधन में दलबदलू नेताओं पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, "भाजपा ने 46 साल के सफर में कई पड़ाव देखे हैं। कई लोग पार्टी में आए और कई चले गए। कुछ ने दल बदला, तो कुछ ने दिल। लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जो दल तो बदल लेते हैं, पर दिल नहीं; उनकी मानसिकता वही पुरानी रहती है।" उन्होंने नेतृत्व को आगाह करते हुए सख्त लहजे में कहा कि यह बेहद जरूरी है कि मूल विचारधारा वाले वफादार और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही सम्मान दिया जाए। राजनीतिक नियुक्तियां और दायित्व सिर्फ उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिलने चाहिए जिन्होंने पार्टी के लिए संघर्ष किया है, न कि अवसरवादी लोगों को।

'काम करोगे तो पद खुद चलकर आएगा'

कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए वसुंधरा राजे ने कहा, "पद के लिए काम मत करो। अगर तुम निस्वार्थ भाव से काम करोगे, तो पद खुद चलकर तुम्हारे पास आएगा। पद को भूल जाइए, बस काम कीजिए।" उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, वह बिना किसी पद के लालच के किए गए संघर्षों का ही नतीजा है।

पीएम मोदी और सीएम भजनलाल की तारीफ

अपने संबोधन में राजे ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया जैसे महापुरुषों को याद किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'विकास पुरुष' बताते हुए कहा कि उन्होंने संगठन के दीप को और अधिक प्रकाशमान किया है। राजे ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ (Madan Rathore) की भी तारीफ की और कहा कि वे विकास का उजाला प्रदेश के हर जन तक पहुंचा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0