Rajasthan News: एक्शन मोड में डिप्टी CM दीया कुमारी, अधिकारियों को दी डेडलाइन; कहा- 'विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं'
राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने बजट घोषणाओं और विकास कार्यों में देरी न करने की चेतावनी देते हुए डेडलाइन तय की है।
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री दीया कुमारी (Diya Kumari) पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। मंगलवार को शासन सचिवालय में विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। डिप्टी सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि विकास कार्यों और बजट घोषणाओं को धरातल पर उतारने में किसी भी प्रकार की शिथिलता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दीया कुमारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की जितनी भी लंबित घोषणाएं हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से (Deadline) पूरा किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान डिप्टी सीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के उचित प्रशिक्षण को विभाग की पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जब कार्यकर्ता पूरी तरह से प्रशिक्षित होंगी, तभी केंद्रों का संचालन बेहतर ढंग से हो पाएगा और वहां आने वाले बच्चों की नींव मजबूत होगी। साथ ही, गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
किराए के भवनों से सरकारी स्कूलों में शिफ्ट होंगे केंद्र
दीया कुमारी ने एक अहम निर्देश देते हुए कहा कि जो आंगनबाड़ी केंद्र वर्तमान में किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं, उन्हें पास के सरकारी स्कूल भवनों में शिफ्ट किया जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
जहां शिफ्टिंग संभव नहीं है, वहां केंद्रों को अधिक सुविधायुक्त किराए के भवनों में ले जाया जाएगा।
हर केंद्र पर बिजली, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
डिप्टी सीएम ने 'प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना' और केंद्रों को 'नंदघर' के रूप में विकसित करने की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को तय लक्ष्यों को बिना देरी के पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0