राजस्थान मूसलाधार बारिश की चपेट में: जन-जीवन अस्त-व्यस्त, कई जिलों में जलभराव और नुकसान की खबरें
राजस्थान के टोंक, सवाईमाधोपुर, बारां, कोटा सहित पूर्वी एवं दक्षिणी जिलों में मूसलाधार बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सवाईमाधोपुर में 24 घंटे में 25 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जिससे दुकानें-घर डूब गए, कच्चे मकान ढह गए और कई क्षेत्रों में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
राज्य के कई जिलों में हुई मूसलधार बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही पूर्वी राजस्थान में विभिन्न स्थानों पर हुई अत्यंत भारी बारिश से व्यापक नुकसान के समाचार हैं। टोंक, सवाईमाधोपुर बारां और कोटा में हुई बहुत भारी बारिश से स्थिति विकट हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा 25 सेंटीमीटर पानी सवाईमाधोपुर में बरसा। इससे दुकानों और घरों में पानी भर गया और कई कच्चे मकान ढह गये।
हमारे संवाददाता ने बताया कि चौथ का बरवाड़ा, मलारना डूंगर और खंडार सहित कई स्थानों पर जल भराव होने से लोगों को परेशानी हो रही है। बूंदी के पाटन में 21 सेंटीमीटर बारिश हुई। भीलवाड़ा के बिजौलिया और जहाज़पुर में जोरदार बारिश हुई। जिले में ऐरू नदी उफान पर है। बारां के किशनगंज, मांगरोल और अंता में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कोटा में 12 घंटों में 10 इंच से ज्यादा बारिश हुई। कई इलाके जलमग्न हैं। अत्यधिक बारिश से उत्पन्न हुई स्थिति को देखते हुए बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, उदयपुर, पाली जालोर, जोधपुर सहित कई जिलों में 8 से 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
नागौर, बाडमेर, जैसलमेर, बीकानेर, दौसा, झालावाड, अजमेर जिलों में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश के समाचार हैं। राजधानी जयपुर में आज तेज बरसात से कई जगह सड़कों पर जाम की स्थित बन गई। सिरोही जिले में पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से नदी नालों में पानी की आवक से उनके जलस्तर में बढोतरी हो रही है। मौसम विभाग ने आज कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग में भी कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सप्ताह तक बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए कोटा विश्वविद्यालय ने कल होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। वहीं सवाईमाधोपुर में भी जिला कलेक्टर ने स्कूलों में कल अवकाश घोषित किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0