Rajasthan: वसुंधरा राजे ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, राजस्थान में आगामी चुनाव को लेकर अहम मुद्दों पर बातचीत के लगाए जा रहे कयास

Rajasthan Elections: सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने राजस्थान में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री के अलावा वसुंधरा राजे का आज कई केन्द्रीय मंत्रियों से भी मिलने तथा कल लखनऊ जाने का भी कार्यक्रम है।

March 25, 2022 - 03:37
March 25, 2022 - 03:48
 0
Rajasthan: वसुंधरा राजे ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, राजस्थान में आगामी चुनाव को लेकर अहम मुद्दों पर बातचीत के लगाए जा रहे कयास
वसुंधरा राजे ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात-फ़ोटो: सोशल मीडिया

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने आज प्रधानमंत्री से मुलाकात की है। अगले साल राजस्थान में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर यह मुलाकात अहम मानी जा रही है। राजे ने यह मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी से संसद भवन में की। ऐसा माना जा रहा है की चुनाव को लेकर दोनों के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। संसद भवन में सांसद मनोज राजोरिया निहालचंद मेघवाल, रामचरण बोहरा, रामकुमार वर्मा और  दुष्यंत सिंह ने वसुंधरा राजे की अगवानी की।

चुनाव को लेकर अभी तक किसी भी मुख्यमंत्री उम्मीदवार का चेहरे कौन होगा अभी तक साफ नहीं हो पाया है। हालांकि लोगों के द्वारा कयास लगाया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर ये मुलाकात हो सकती है। आपको बता दें कि विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने जन्मदिन पर शक्ति प्रदर्शन भी किया था। इसमें राजे समर्थक पूर्व सांसद पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक पूर्व जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के सहित पदाधिकारी शामिल हुए थे।

राजे का केन्द्रीय मंत्रियों से भी मिलने का कार्यक्रम

सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने राजस्थान में चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री के अलावा वसुंधरा राजे का आज कई केन्द्रीय मंत्रियों से भी मिलने तथा कल लखनऊ जाने का भी कार्यक्रम है। बता दें कि कल योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह है।

वहीं राजस्थान में  विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा में गुटबाजी चरम पर है और मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर खींचतान जारी है। वसुंधरा राजे कैंप के विधायक पूर्व सीएम को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की मांग कर रहे हैं। जबकि प्रदेश भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी का संसदीय बोर्ड मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूनिया गुट वसुंधरा राजे सिंधिया का विरोध कर रहे हैं। जबकि वसुंधरा गुट खुलकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का विरोध कर रहा है। 

Amit kumar TRAINEE JOURNALIST@IIMC DELHI