Rajasthan Politics: मदन राठौड़ का कांग्रेस पर निशाना, बोले- ‘अशोक गहलोत को अब बोलने का हक नहीं’
Rajasthan Politics: राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर हमला बोला।

Rajasthan Politics: राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन उन्होंने कभी बाजरे की खरीद पर ध्यान नहीं दिया।

यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दूरदृष्टि का नतीजा है कि अब बाजरे की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर हो रही है। गहलोत साहब को इस मुद्दे पर कम से कम अब तो नहीं बोलना चाहिए।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का तंज
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा था, “अशोक गहलोत विधानसभा में एक भी दिन नहीं आए, लेकिन सोशल मीडिया (X) पर काफी सक्रिय रहते हैं। सिर्फ एक्स पर सक्रिय रहने से काम नहीं चलेगा, आपको जनता के बीच जाकर उनके दुख-दर्द को समझना होगा। सरकार का असली काम जनता की समस्याओं का समाधान करना है।”
अशोक गहलोत का पलटवार
भजनलाल शर्मा के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार किया। उन्होंने एक पुरानी पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “मुख्यमंत्री जी, मैं आपको ढाई साल पुरानी आपकी यह पोस्ट याद दिलाना चाहता हूं, जिसमें आप कांग्रेस सरकार से बाजरे की MSP पर खरीद की मांग कर रहे थे। आपकी सरकार को अब डेढ़ साल हो चुका है। आपके घोषणापत्र में भी बाजरे की MSP पर खरीद का वादा किया गया था। अब जनता को बता दीजिए कि बाजरे की MSP पर खरीद कब से शुरू होगी?”