मनोज तिवारी हुए घायल, सीएम हाउस के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन

BJP सांसद मनोज तिवारी छठ पूजा पर बैन के खिलाफ सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन के दौरान घायल हो गए। उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है।

Oct 13, 2021 - 19:38
December 10, 2021 - 11:00
 0
मनोज तिवारी हुए घायल, सीएम हाउस के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन

BJP सांसद मनोज तिवारी छठ पूजा पर प्रतिबंध के खिलाफ सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन में घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है। बता दें कि प्रदर्शनकारियों को सीएम हाउस तक पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने घर के चारों ओर बैरिकेडिंग की थी। मनोज तिवारी इस बैरिकेड को फांदने को कोशिश कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की। मनोज तिवारी इसकी चपेट में आ गए। वह बैरिकेड से गिरकर बेसुध हो गए। इस दौरान उन्हें चोट आ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सफदरजंग अस्पताल के इमर्जेंसी विंग में भर्ती कराया गया।
बीजेपी नेता नीलकंठ बख्शी ने बताया, 'मनोज तिवारी को सफदरजंग अस्पताल के इमर्जेंसी वॉर्ड में भर्ती कराया गया है। उनका ट्रीटमेंट जारी है।'

विरोध प्रदर्शन में कई भाजपा नेता शामिल:


देश की राजधानी में छठ पूजा पर प्रतिबंध हटाने की मांग कर रहे तिवारी के नेतृत्व में भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित कई भाजपा नेताओं ने मंगलवार को सीएम हाउस के पास विरोध प्रदर्शन किया था।
छठ पूजा लोगों की भावना से जुड़ा मामला है:
बीते एक हफ्ते से मनोज तिवारी छठ पूजा पर प्रतिबंध हटाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने इस प्रतिबंध के खिलाफ लोगों का समर्थन हासिल करने के लिए 'छठ यात्रा' भी शुरू की है। तिवारी का मानना था कि दिल्ली की सरकार को सार्वजनिक स्थल पर छठ पूजा का पावन उत्सव मनाने की अनुमति देनी चाहिए। ऐसे में सख्त कोरोना प्रोटोकॉल अपनाए जा सकते हैं। लेकिन, प्रतिबंध लगाना गलत होगा क्योंकि यह लोगों की भावना से जुड़ा मामला है।
उन्होंने ये भी कहा था कि WHO के मुताबिक कोरोना वायरस आंख, नाक और मुंह से प्रवेश करता है जबकि छठ पूजा में श्रद्धालु सिर्फ घुटने तक पानी में पूजा करते हैं। इसलिए नदी किनारे या तालाबों आदि में पर्व मनाने से कोरोना वायरस फैलने के कोई आसार नहीं हैं।