शादी के चार दिन बाद गहने-कैश लेकर दुल्हन फरार, युवक ने थाने पहुंचकर बताई आपबीती

डूंगरपुर। युवक के साथ शादी के नाम पर झांसा देकर घर से नकदी व सोने व चांदी का जेवर लेकर

April 15, 2025 - 15:37
 0
शादी के चार दिन बाद गहने-कैश लेकर दुल्हन फरार, युवक ने थाने पहुंचकर बताई आपबीती

डूंगरपुर। युवक के साथ शादी के नाम पर झांसा देकर घर से नकदी व सोने व चांदी का जेवर लेकर दुल्हन फरार हो गई। इस मामले में पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. यह मामला चौरासी थाना क्षेत्र के विकासनगर गांव का है.

युवक ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि विकासनगर निवासी चिराग पुत्र नाथूलाल पाटीदार का 12 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। विवाह के दौरान उसकी पत्नी ने एक बच्ची को जन्म दिया है। इसके बाद दोनों पति-पत्नी में अनबन होने पर छह साल पहले तलाक हो गया। इस पर चिराग अकेला हो गया। इस दौरान उसकी मुलाकात सलामपुरा निवासी भंवरलाल पाटीदार से हुई। उसने चिराग की शादी के लिए लड़की की जानकारी दी। इसके बाद सात जनवरी 2024 को भवंरलाल लड़की दिखाने चिराग व अन्य साथियों को मध्यप्रदेश ले गया।

मध्यप्रदेश में संजय सिंह नामक दलाल से मुलाकात की और वह सभी को खरगोन गांव लेकर आया। यहां पर चिराग को शादी के लिए माया नाम की लड़की से मुलाकात करवाई। इस दौरान माया के अन्य रिश्तेदार भी मौजूद थे। दोनों के परिजनों की शादी में सहमति बनने के बाद उसी दिन दोनों की सगाई करवा दी और 20 जनवरी 2024 को शादी का मुर्हूत निकाला गया। शादी की तय तारीख के अनुसार प्रार्थी बारात लेकर खरगोन गया। यहां पर पड़ोसी गांव स्थित मंदिर में माया व चिराग का विवाह करवाया गया।

विवाह के दौरान चिराग ने माया को सोने व चांदी के आभूषण दिए थे। शादी के बाद बारात लेकर चिराग घर आ गया। इसके बाद 24 जनवरी 2024 को प्रार्थी डूंगरपुर आया था और माता-पिता खेत पर गए थे। पीछे घर पर माया अकेली थी। प्रार्थी घर गया तो माया घर से गायब थी। चिराग ने पत्नी की काफी तलाश की पर उसका कोई पता नहीं चला। माया का मोबाइल भी बंद था।

5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

प्रार्थी के घर की अलमारी से माया को शादी में दिए सोने व चांदी के आभूषण, मां का मंगलसूत्र व डेढ़ लाख रुपए गायब थे। प्रार्थी ने दलाल भंवरलाल व संजय सिंह को घटना के बारे में जानकारी दी। दोनों ने दुल्हन के वापस घर आने व जेवरात दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन जेवरात व दुल्हन नहीं आने पर प्रार्थी ने चौरासी थाने में सालमपुरा निवासी भंवरलाल पुत्र रमणलाल पाटीदार, खरगोन निवासी माया पुत्री जगदीश कमरावत, आरती पुत्री जगदीश कमरावत, बड़वानी निवासी संजय सिंह व दारासिंह के खिलाफ नामजद मुकदर्मा दर्ज करवाया।

News Desk Lokdoot thelokdoot.com Contact Us..For Any Query.