आँखें नम कर देगी करोड़पति चेतन की संघर्ष कहानी

18 फ़रवरी 2021 को आईपीएल की ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने इन्हें एक करोड़ 20 लाख रूपये देकर अपनी टीम में शामिल किया। जैसे ही पता चला कि चेतन अब करोड़पति बन गए हैं, उनके परिवार में सब शॉक में आ गए। घर में टीवी न होने के कारण, ये खबर उनको गाँव के लोगों ने बताई। ये पूछने पर कि चेतन इन पैसों का क्या करेंगे, इसपर चेतन का कहना है कि वो अपना ड्रीम हाउस, राजकोट में लेंगे।

April 21, 2021 - 10:51
December 8, 2021 - 08:20
 4
आँखें नम कर देगी करोड़पति चेतन की संघर्ष कहानी
Chetan

मुश्किल समय आए, तो हिम्मत न हारें। कीप वर्किंग हार्ड ! ये कहना है इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में धूम मचा रहे, सौराष्ट्र के बाँए हाथ के तेज़ गेंदबाज़ चेतन सकारिया का। एक समय,पाई-पाई को तरसने वाला ये व्यक्ति आज करोड़पति है। इस वर्ष हुई आईपीएल की ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने इन्हें एक करोड़ 20 लाख रूपये देकर अपनी टीम में शामिल किया।  गुजरात के भावनगर ज़िले के वारतेज गाँव में रहने वाले इस नौजवान खिलाड़ी ने अब तक आईपीएल के तीन मैचों में छह विकेट लिए हैं। लेकिन आईपीएल की दहलीज़ तक पहुँचने तक का सफ़र आपकी आँखे नम कर देगा।

शुरूआती जीवन- 28 फरवरी 1998 को चेतन का जन्म हुआ। घर की हालत बेहद ख़राब थी। कांजी भाई (पिता जी) टेम्पो चलाकर जैसे-तैसे परिवार का गुज़ारा करते थे। अब वो पिछले दो वर्षों से टेम्पो नहीं चला रहें हैं। घर पर ही रिटायर्ड जीवन जी रहे हैं। चेतन घर में कमाने वाले अकेले व्यक्ति हैं। आम भारतीय परिवार के बच्चे की तरह चेतन को भी बचपन से ही क्रिकेट का बहुत शौक था। जैसे ही चेतन ने होश संभाला, उन्होंने क्रिकेटर बनने का फ़ैसला कर लिया। पिता जी इस फ़ैसले के सख़्त ख़िलाफ़ थे। उनका मानना था कि क्रिकेट अमीरों का खेल है। चेतन के कोच, राजेंद्र गोहिल ने पिता जी के ख़यालात बदले। वहीं वर्षाबेन (माता जी) ने चेतन के सपनों को अपना सर्मथन दिया। आज नम आँखों से वो बताती है कि “ हमारा लड़का इतना आगे निकल गया है, इसे देखकर बड़ी खुशी होती है।“ चेतन की एक छोटी बहन भी है जिगनाशा सकारिया।

भाई की आत्महत्या की ख़बर को छुपाया- उनका एक छोटा भाई भी था,राहुल सकारिया। दुख की बात ये है कि राहुल ने बीते जनवरी 2021 को आत्महत्या कर ली थी। ये ख़बर चेतन और उनके परिवार के लिए सदमे से कम नहीं थी। इस दौरान वो सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में खेल रहे थे। परिवार ने उन्हें उस वक़्त उनको ये सब नहीं बताया। उनकी माता जी के अनुसार- “हम दस दिनों तक राहुल की मृत्यु के बारे में उसे नहीं बता पाए। क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि उसका खेल प्रभावित हो। हम सभी ने उसे बताया कि उसके पिता की तबियत ख़राब है। हर बार चेतन अपने पिता के स्वास्थ्य के बारे में पूछने के लिए फ़ोन करता था, वह हमें अपने भाई से बात करने के लिए कहता था। लेकिन मैं इस विषय को बदल देती थी। मैं उसे उसके पिता से भी बात नहीं करने देती थी क्योंकि मुझे पता था कि मेरे पति उसे सच बता देगें। लेकिन एक दिन उसे इस बात का पता चल गया। चेतन ने एक हफ़्ते तक किसी से बात नहीं की। न ही उसने खाना खाया।“

जूते ख़रीदने तक के पैसे नहीं थे- चेतन बताते हैं कि उनको पहले बॉलिंग जूते सौराष्ट्र के खिलाड़ी शेल्डन जैक्सन ने दिए थे। हालांकि जूते पाने की जो शर्त लगी थी वो काफ़ी रोचक थी। शेल्डन ने चेतन को आउट करने की चुनौती दी थी जिसमें वो सफ़ल रहे। साल 2020 में वो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए बतौर नेट गेंदबाज़ संयुक्त राष्ट्र अमीरात गए थे। इस दौरान चेतन उत्साह से बताते हैं कि विराट कोहली को करीब से देखने का एहसास बहुत अच्छा था। एबी डिविलियर्स और विराट कोहली, किस बल्लेबाज़ को गेंदबाजी करना मुश्किल है, इस सवाल पर उन्होंने विराट का नाम लिया।

क्रिकेट में चेतन का प्रर्दशन- चेतन ने आईपीएल डेब्यू 12 अप्रैल 2021 को पंजाब किंग्स के खिलाफ़ किया। इस मुकाबले में चेतन सकारिया ने चार ओवर में कुल 31 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। चेन्नई के खिलाफ़ मैच में भी उन्होंने तीन विकेट चटकाए। इनमें से एक विकेट, उनके आइडल एम.एस धोनी का था। हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफ़ी में पाँच मैचों में 12 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी रेट, दस या उससे ज़्यादा विकेट लेने वालों में सबसे बढ़िया था। वहीं उन्होंने अपने लिस्ट ए डेब्यू (2017-18) में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में किया था। रणजी में 2018-19 में डेब्यू किया था जहाँ पहले ही मैच में उन्होंने ज़बरदस्त छाप छोड़ते हुए पहली पारी में शानदार पाँच विकेट चटकाए थे। भारतीय इतिहास में ऐसे कई क्रिकेटर निकलकर सामने आए जिन्‍होनें अपनी कड़ी मेहनत से अपने घर के हालात बदले और लोगों के लिए एक मिसाल बने। सकारिया उनमें से एक हैं। उम्मीद करते हैं कि ये ख़िलाड़ी जल्द ही भारतीय ड्रेसिंग रूम में नज़र आएगा।

Faiz Miraj Trainee Journalist IIMC 2020-2021