UPSC CSE Result 2021 :यूपीएससी सीएसई 2021 के परिणाम घोषित, शीर्ष तीन स्थानों पर लड़कियों का कब्जा

UPSC CSE Result: यूपीएससी सीएसई 2021 के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी अपना परिणाम यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं तथा इस परीक्षा में श्रुति शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है।

May 31, 2022 - 05:15
June 1, 2022 - 17:31
 0
UPSC CSE Result 2021 :यूपीएससी सीएसई 2021 के परिणाम घोषित, शीर्ष तीन स्थानों पर लड़कियों का कब्जा
UPSC CSE Result

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने आज 30 मई को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए हैं। कुल 685 उम्मीदवारों ने प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण की है, और इस साल के परिणाम में सभी शीर्ष तीन स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा किया है। इस सिविल सेवा परीक्षा 2021 में श्रुति शर्मा, अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है।

टॉपर श्रुति शर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक किया है और बाद में पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में प्रवेश कर लिया है। हालांकि बाद में वह जेएनयू छोड़कर अपनी स्नातकोत्तर डिग्री के लिए डीयू में दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स चली गई थी।

यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक परीक्षा 10 अक्टूबर, 2021 को आयोजित की गई थी, और परीक्षा के परिणाम 29 अक्टूबर को जारी किए गए थे। मुख्य परीक्षा 7 से 16 जनवरी, 2022 तक आयोजित की गई थी, और परिणाम 17 मार्च, 2022 को घोषित किए गए थे। साक्षात्कार परीक्षा का अंतिम दौर था जो 5 अप्रैल को शुरू हुआ और 26 मई को संपन्न हुआ।

इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "उन सभी को बधाई जिन्होंने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2021 को पास किया है। इन युवाओं को मेरी शुभकामनाएं जो भारत की विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण समय में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।"

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “उन सभी को बधाई जिन्होंने इस वर्ष की यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। महिलाओं को टॉप 3 रैंक मिलते देख बहुत खुशी हुई। अब आप सभी पर अत्यंत सत्यनिष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ भारत की सेवा करने की एक बड़ी जिम्मेदारी है। आपके भविष्य के करियर के लिए मेरी शुभकामनाएं।“

जामिया से सबसे ज्यादा छात्र हुए उत्तीर्ण

इस साल, जामिया मिलिया इस्लामिया की आवासीय कोचिंग अकादमी (आरसीए) के टॉपर श्रुति शर्मा सहित कुल 23 छात्रों ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षाओं को पास किया है। जामिया की कुलपति, नजमा अख्तर ने शर्मा को बधाई देते हुए कहा किजामिया मिल्लिया इस्लामिया में आमतौर पर चयनित उम्मीदवारों की संख्या सबसे अधिक है, और इस साल श्रुति ने परीक्षा में टॉप करके संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने श्रुति को विशेष रूप से जामिया की गर्लटॉपर होने पर बधाई दी।" आरसीए को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यकों छात्रों को मुफ्त कोचिंग और आवासीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए फंड किया जाता है।

The LokDoot News Desk The lokdoot.com News Desk covers the latest news stories from India. The desk works to bring the latest Hindi news & Latest English News related to national politics, Environment, Society and Good News.