संयुक्त किसान मोर्चा का भारत बंद आज,सुबह से ही यातायात व्यवस्था प्रभावित

पिछले एक साल से चल रहे किसान आंदोलन के तहत आज 27 सितंबर को संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का ऐलान किया है।

September 27, 2021 - 14:58
December 10, 2021 - 09:55
 0
संयुक्त किसान मोर्चा का भारत बंद आज,सुबह से ही यातायात व्यवस्था प्रभावित
image representing kisan andolan

NEW DELHI,
देश के किसान पिछले एक साल से लगातार तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आन्दोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में आज 27 सितंबर को संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का ऐलान किया है, जिसका असर सुबह से ही दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर दिखने लगा। गाड़ियों की लम्बी-लम्बी लाइनों से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। वहीं दूसरी तरफ किसानों ने नेशनल हाइवे (एनएच) 9 और एनएच 24 को पूरी तरह जाम कर दिया है। दिल्ली-अमृतसर एनएच को भी किसानों द्वारा लॉक कर दिया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के इस भारत बंद को कई राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह 6 बजे से 4 बजे शाम तक इस आन्दोलन को जारी रखने की बात की है।

भारत बंद से रेल सेवा भी प्रभावित :

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद से रेल सेंवाए भी काफी प्रभावित हुई है, भारतीय रेलवे ने करीब 18 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें फिरोजपुर से लुधियाना, भटिंडा,अमृतसर और जालंधर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। किसानों का समुह रेल पटरियों पर बैठ कर भारत बंद को सफल बनाने में लगा है जिससे उत्तर रेलवे की दिल्ली,अंबाला और फिरोजपुर मंडलों में रेल सेवा प्रभावित हो रही है। दिल्ली की कई जगहों पर जाम का माहौल उत्पन्न हो गया है। 

आज इन जगहों पर जाने से करें परहेज:

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है और कुछ रूटों पर आज जाने से मना किया है। उनमें दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम ,नोएडा जैसे स्थान शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बहुत सारे वाहनों का रूट भी बदला गया है जिससे आम आदमी को यातायात में परेशानी हो सकती है, इसलिए कोशिश करें कि आज बाहर ना निकलना पड़े।

पूरे भारत में दिख रहा असर:

दिल्ली से निकलकर अब किसानों ने पंजाब के बनूड़ खरड़ हाइवे को भी जाम कर दिया है और निजी तथा सरकारी वाहनों को भी आगे जाने से रोक रहे हैं, वहीं हरियाणा के झज्जर भागलपुरी चौक पर किसानों ने चक्का जाम कर दिया जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है। भारत बंद का असर उत्तराखंड में भी दिखने लगा है जहां रुद्रपुर में किसानों ने जुलूस निकाला और जमकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। 

कई राजनीतिक दलों का समर्थन मिला:

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद को कई राजनीतिक पार्टीयों ने खुलकर अपना समर्थन दिया है जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि किसानों का भारत बंद अहिंसा पर आधारित है। वह बस अपनी मांगो के लिए सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।  बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप),और लेफ्ट पार्टियों ने इस भारत बंद को सफल बनाने में अपना योगदान दिया है।

यह भी पढ़े: क्रिप्टोकरेंसी क्यों है भारत मे गैर कानूनी?

The LokDoot News Desk The lokdoot.com News Desk covers the latest news stories from India. The desk works to bring the latest Hindi news & Latest English News related to national politics, Environment, Society and Good News.