SBSC की वाद विवाद समिति ' सर्वज्ञ' द्वारा अयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न दलों ने दिखाई अपनी प्रतिभा

सर्वज्ञ द्वारा अयोजित प्रतियोगिता में एक कड़े और रोमांचक मुकाबले के पश्चात 4 दल गार्गी, रामजस, किरोड़ीमल और हंसराज सेमी फाइनल में पहुंचे, जहां अपनी प्रतिभा को दर्शाते हुए गार्गी तथा रामजस महाविद्यालय क्रांति के फाइनलिस्ट बने। क्रांति 2022 के विजेता का खिताब जीतने वाला दल रामजस महाविद्यालय रहा जबकि उपविजेता के रूप में गार्गी महाविद्यालय ने अपना लोहा मनवाया।

March 15, 2022 - 22:32
March 15, 2022 - 22:58
 0
SBSC की वाद विवाद समिति ' सर्वज्ञ' द्वारा अयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न दलों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
शहीद भगत सिंह महाविद्यालय की वाद विवाद समिति 'सर्वज्ञ'

शहीद भगत सिंह महाविद्यालय की वाद विवाद समिति 'सर्वज्ञ' द्वारा शहीद-ए- आज़म स्मृति के उपलक्ष्य में 11,12 मार्च 2022 को एक अंतर महाविद्यालय नवागंतुक संसदीय प्रतियोगिता 'क्रांति 2022' का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जहां प्रतियोगिता का संचालन समिति के अध्यक्ष मानिक, R&D के प्रमुख आशीष यादव व सचिव आंँचल के नेतृत्व में हुआ।

वहीं प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल सरदाना, सांस्कृतिक संयोजिका डॉ सोनिका शर्मा व अधिनिर्णायक अनुराग सिंह शेखर द्वारा दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया।प्राचार्य प्रो.अनिल सरदाना ने इस कदम की सराहना करते हुए वाद विवाद की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वाद विवाद से ही एक व्यक्ति कुशल वक्ता व समाज के बुद्धिजीवियों का हिस्सा बनता है। तदोपरांत सांस्कृतिक संयोजिका डॉ सोनिका शर्मा ने अपने संबोधन में प्रतियोगिता का उदाहरण देकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया कि वे किस प्रकार से अपने स्तर पर रहकर और किसी विषय का गहन विश्लेषण करके समाज को एक सकारात्मक दिशा की ओर ले जा सकते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता हेतु अपना आशीर्वाद व ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।

बता दें कि दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 28 दलों ने बढ़- चढ़कर क्रांति 2022 में हिस्सा लिया। कुल 28 दलों में से लेडी श्रीराम, गार्गी, हंसराज महाविद्यालय के दो दल, रामजस, किरोड़ीमल,शहीद भगत सिंह सांध्य, श्री वेंकटेश्वर महाविद्यालय से आए दलों ने क्रांति के दूसरे चरण में प्रवेश किया। जहां एक कड़े और रोमांचक मुकाबले के पश्चात 4 दल गार्गी, रामजस, किरोड़ीमल और हंसराज सेमी फाइनल में पहुंचे जहां अपनी प्रतिभा को दर्शाते हुए गार्गी तथा रामजस महाविद्यालय क्रांति के फाइनलिस्ट बने। क्रांति 2022 के विजेता का खिताब जीतने वाला दल रामजस महाविद्यालय रहा जबकि उपविजेता के रूप में गार्गी महाविद्यालय ने अपना लोहा मनवाया।

विजेता व उपविजेता को निर्णायक मंडली नीतीश कुमार, विकास कुमार, हर्ष, हैप्पी सौरव, हर्षिता, हरिओम कुशवाहा द्वारा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। दो दिनों तक समिति के आमंत्रण पर निर्णायक की भूमिका निभाने हेतु सर्वज्ञ समिति द्वारा अधिनिर्णायकों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। अधिनिर्णायक की भूमिका निभाने वाले अंकित सिंह मेहर और खुशबू को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया। वहीं इस दौरान अनुराग सिंह शेखर और राजेश कुमार झा का भी समिति को सान्निध्य प्राप्त हुआ। 

धन्यवाद प्रस्ताव के लिए सर्वज्ञ के अध्यक्ष मानिक को आमंत्रित किया गया। उन्होंने विजेताओं व प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी व सम्पूर्ण निर्णायकमंडली का आभार व्यक्त किया। जिसके उपरांत उन्होंने R&D के प्रमुख आशीष यादव, सचिव आंँचल, IT & PR प्रमुख देवांशु, कंटेंड प्रमुख रोहित, सदस्य अंशुल, चंदन व पूरी समिति का धन्यवाद व्यक्त किया व क्रांति 2022 प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सभी को बधाई भी दी।