Commonwealth Games: शुरू हो चुके हैं कॉमनवेल्थ खेल 2022, इन खिलाड़ियों से भारत को रहेगी पदक की उम्मीद

Commonwealth Games: इस बार 19 खेलों को कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किया गया है। भारत की तरफ से 215 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कॉमनवेल्थ खेलों में महिला क्रिकेट की भी वापसी हुई है।

July 29, 2022 - 08:09
July 30, 2022 - 16:30
 0
Commonwealth Games: शुरू हो चुके हैं कॉमनवेल्थ खेल 2022, इन खिलाड़ियों से भारत को रहेगी पदक की उम्मीद
Commonwealth Games

Commonwealth Games : ब्रिटेन के बर्मिंघम शहर में 28 जुलाई से 8 अगस्त तक होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन शुरू हो चुका है। इस बार 19 खेलों को कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल किया गया है। भारत की तरफ से 215 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कॉमनवेल्थ खेलों में महिला क्रिकेट की भी वापसी हुई है। भारतीय दल से कुश्ती, बैडमिंटन, हॉकी, महिला क्रिकेट, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स खेलों में पदक की सर्वाधिक उम्मीदें हैं।

कुश्ती 

राष्ट्रमंडल खेल में भारतीय कुश्ती दल से पदक की खूब संभावनायें हैं। भारत ने अब तक राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में 102 पदक जीते हैं। इस बार भारत की प्रमुख उम्मीद पुरुष वर्ग में टोक्यो ओलिंपिक मेडल विजेता बजरंग पूनिया और रवि दहिया से है। महिलाओं में विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और 2021 एशियाई चैंपियनशिप की गोल्ड मेडल विजेता दिव्या काकरान से भी पदक की उम्मीदें हैं।

बैडमिंटन

भारत में राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन में1966 से लेकर अब तक 25 पदक जीते हैं ।इसबार दो बार की ओलंपिक विजेता पीवी सिंधु गोल्ड मेडल की प्रमुख दावेदार है । इनके अलावा लक्ष्य सेन भी जबर्दस्त फॉर्म में है। किदांबी श्रीकांत, सात्विक रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी से भी पदक की उम्मीदें हैं।

वेटलिफ्टिंग

भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में शूटिंग के बाद सर्वाधिक 125 मेडल इस खेल में ही जीते हैं।इस खेल में भारत की मुख्य उम्मीद है महिला खिलाड़ियों से। ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू स्वर्ण पदक की प्रमुख दावेदार रहेंगी। उज्बेकिस्तान के ताशकंद शहर में आयोजित 2021 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल विजेता बिंद्यारानी देवी और विश्व चैंपियनशिप में 9वें स्थान पर रहीं गुरुराजा पुजारी अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन द्वारा पदक हासिल कर सकती है।

बॉक्सिंग

बॉक्सिंग में भारत का पूर्व प्रदर्शन और वर्तमान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखकर पदक की बहुत अधिक उम्मीदें हैं। निकहत जरीन के साथ विश्व चैंपियनशिप के सिल्वर मेडल विजेता अमित पंघाल, ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडल विजेता लवलीना बोरगोहेन, एशियाई चैंपियनशिप के गोल्ड मेडल विजेता संजीत कुमार से भारत को पदक की उम्मीदें हैं, जबकि शिवा थापा और मोहम्मद हुसामुद्दीन भी बड़ा उलटफेर कर सकते हैं। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग में अब तक कुल 37 पदक जीते हैं।

एथलेटिक्स

भारत के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के चोटिल होने के कारण भारत को बड़ा झटका लगा है मगर दुती चंद और हिमा दास सहित 37 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम से कई पदकों की उम्मीद है।भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में एथलेटिक्स में अब तक कुल 28 पदक जीते हैं।

टेबल टेनिस

ऑस्ट्रेलिया में हुए राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस में कुल 8 पदक जीते। इस बार भी पदक की सर्वाधिक उम्मीदें मनिका बत्रा से होगी उनके अलावा महिला वर्ग में श्रीजा अकुला, रीत ऋष्य और दिया चिताले भारतीय चुनौती पेश करेंगी। पुरुष वर्ग में शरत कमल, सदाबहार जी साथियान, हरमीत देसाई और सानिल शेट्टी भारतीय पुरुष टीम की चुनौती पेश करेंगे।इस खेल में भी पदक की खूब संभावनाएं हैं।

भारतीय दल से राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में इन खेलों के अलावा हॉकी में पुरुष और महिला टीम के साथ महिला क्रिकेट टीम से भी पदक की उम्मीदें रहेगी। हालांकि निशानेबाजी को राष्ट्रमंडल खेलों से हटाने के कारण भारत को बड़ा झटका लगा है और पिछले बार की तुलना में पदकों की संख्या कम होने की संभावना है।

The LokDoot News Desk The lokdoot.com News Desk covers the latest news stories from India. The desk works to bring the latest Hindi news & Latest English News related to national politics, Environment, Society and Good News.