कांग्रेस ने अलग से महिलाओं के लिए जारी किया घोषणापत्र, प्रियंका गांधी ने किया ट्विटर पर ऐलान

प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस का अलग से महिलाओं के लिए बनाया गया घोषणापत्र जारी किया, महिलाओं के लिए की गई कई हैं बड़ी घोषणाएं।

Nov 1, 2021 - 17:59
January 5, 2022 - 12:05
 0
कांग्रेस ने अलग से महिलाओं के लिए जारी किया घोषणापत्र, प्रियंका गांधी ने किया ट्विटर पर ऐलान

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जिसके चलते सियासी रंग भी खूब जमने लगा है। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जहां कुछ दिन पहले 40 प्रतिशत टिकट महिला उम्मीदवारों को देने का ऐलान किया था वहीं आज उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर महिलाओं के लिए अलग से एक घोषणापत्र जारी किया, जिसमें कई बड़े वादे करते हुए महिला वोटरों को साधने की कोशिश की है। 

घोषणापत्र में छात्राओं  को स्मार्टफोन और स्कूटी देने का वादा किया गया है साथ ही बुजुर्ग महिलाओं और विधवाओं को भी प्रतिमाह एक हज़ार रुपए पेंशन देने का ऐलान किया गया है। यही नहीं, सरकार बनने पर 3 भरे हुए सिलेंडर मुफ्त में दिए जायेंगे और महिलाओं को मुफ्त यात्रा का भी लाभ मिलेगा। आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपए मानदेय दिया जायेगा और वीरांगनाओं के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने ट्विटर पर इसके बारे में बताते हुए यह भी लिखा कि, कांग्रेस महिलाओं के संघर्ष को समझती है इसलिए उनके लिए अलग से एक घोषणापत्र बनाया गया है। 

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नाम का नया नारा भी दिया है। उत्तर प्रदेश की सत्ता से 32 साल से बाहर बैठी कांग्रेस यदि 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देती है तो  कुल 403 सीटों में से लगभग 160 सीटों पर महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगी, जो की एक बड़ा सियासी दांव साबित हो सकता है क्योंकि यूपी में महिलाएं हमेशा से ही वोट बैंक का काफी अहम हिस्सा रहीं है।