कामगारों के लिए ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की हुई शुरूआत, जानिए कैसे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
ई-श्रम पोर्टल पर 16 से 59 वर्ष का कोई भी व्यक्ति रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। यह रजिस्ट्रेशन ई-श्रम पोर्टल https://eshram.gov.in/ के जरिए कामगार या तो खुद कर सकता है या फिर कॉमन सर्विस सेंटर (Common Service Center) पर जाकर करा सकता है।

देश में एक बड़ा वर्ग गरीबी रेखा के नीचे अपना जीवन यापन करता है। इस वर्ग के ज्यादातर लोग असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं। कोरोना महामारी के कारण इस वर्ग ने काफी परेशानियों का सामना किया है। करोड़ों लोगों ने रोज़गार खो दिए और अपने घर जाने को मजबूर हो गए। ऐसे में केंद्र सरकार ने पिछले साल अगस्त माह में असंठित क्षेत्र के कामगारों के लिए ई-श्रम पोर्टल(E-SHRAM Portal) लॉन्च किया । सरकार की ओर से दावा किया गया कि इससे असंगठित क्षेत्र के करीब 38 करोड़ कामगारों को फायदा मिलेगा।
क्या है ई-श्रम कार्ड?
इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने वाले कामगार को एक ई-श्रम कार्ड (e-SHRAM Card) दिया जाता है, जिसमें 12 अंकों का एक यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) होता है। यह नंबर एक स्थायी नंबर होता है जिसकी मदद से रजिस्टर्ड कामगार देश में कहीं भी, कभी भी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठा सकता है। इसके अलावा, यह कार्ड पूरे देश में हर जगह वैध है।
ई-श्रम कार्ड से लाभ
ई-श्रम पोर्टल से जुड़ने वाले श्रमिकों को प्रतिमाह केंद्र सरकार की ओर से ₹500 की किस्त बैंक खाते में भेजी जाती है। साथ ही, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 2 लाख रुपये तक का बीमा लाभ भी मिलता है। इसमें बीमा के लिए प्रीमियम देने की जरूरत नहीं पड़ती है।
इसके अलावा, अगर श्रमिक की किसी दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो 2 लाख रुपये की बीमा राशि और आंशिक रूप से विकलांग होने पर 1 लाख रुपये की बीमा राशि सरकार द्वारा मुहैया कराई जाती है|
कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?
ई-श्रम पोर्टल पर 16 से 59 वर्ष का कोई भी व्यक्ति रजिस्ट्रेशन करवा सकता है। यह रजिस्ट्रेशन ई-श्रम पोर्टल https://eshram.gov.in/ के जरिए कामगार या तो खुद कर सकता है या फिर कॉमन सर्विस सेंटर (Common Service Center) पर जाकर करा सकता है। रजिस्ट्रेशन पूरी तरह से नि:शुल्क होता है अर्थात कामगारों को पोर्टल या कॉमन सर्विस सेंटर पर इसके लिए पैसे नहीं देने पड़ते हैं।
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत
कामगार द्वारा ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए निम्नलिखित दस्तावेज आवश्यक हैं-
• आधार संख्या
• आधार से लिंक मोबाइल नंबर
• बैंक खाता
क्या किसान करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन?
ई-श्रम कार्ड केवल असंठित क्षेत्र के कामगारों के लिए है। इसमें निर्माण मजदूरों के अलावा प्रवासी श्रमिक, रेहड़ी-पटरी वाले और घरेलू कामगार आदि शामिल हैं। मात्र कृषि श्रमिक और भूमिहीन किसान ही इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए पात्र हैं, दूसरे किसान इसके लिए पात्र नहीं हैं।
किसी शिकायत हेतु कहां जाएं
ई-श्रम पोर्टल से संबंधित श्रमिकों की सहायता के लिए सरकार ने एक राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14434 भी शुरू किया है। अगर कोई कामगार इस नंबर पर संपर्क करने में असमर्थ होता है तो वह सीएससी (Common Service Center) द्वारा उपलब्ध कराए गए 10 अंकों के नंबर पर संपर्क कर सकता है या फिर gms.eshram.gov.in पर शिकायत दर्ज करा सकता है।