राजस्थान के करौली  में घटना के 2 दिन बाद हालात सामान्य ,कर्फ्यू रहेगा जारी, इंटरनेट 24 घण्टे तक बंद

करौली में शनिवार को हिन्दू संगठनों हुई आगजनी को लेकर फैले विवाद के बाद अब माहौल शांत है ,फिलहाल इंटरनेट सेवा को 24 घंटे के लिए बंद किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा लोगों को दूध और राशन वितरण कराया गया है।

April 4, 2022 - 23:02
April 5, 2022 - 23:38
 0
राजस्थान के करौली  में घटना के 2 दिन बाद हालात सामान्य ,कर्फ्यू रहेगा जारी, इंटरनेट 24 घण्टे तक बंद
करौली की घटना-फोटो : Social Media

राजस्थान के करौली में शनिवार को नव संवत्सर और चेत्र नवरात्र पर आयोजित बाइक रैली पर पथराव और आगजनी के घटना के बाद अब हालात सामान्य होते नजर आ रहे हैं। फिलहाल करौली में 'नेटबन्दी' को 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। अब कल रात 9 बजे तक करौली में इंटरनेट बंद रहेगा। पिछले दो दिनों से अफवाहों को रोकने के लिए नेटबन्दी की गई है। पुलिस के पहरे में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की गईं। वहीं जिला प्रशासन की तरफ से घरों में दूध और राशन सामग्री का वितरण किया गया है।

अब तक डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों को किया गया गिरफ्तार

जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि हिंसा फैलाने वालों की पहचान कर ली गई है। अब तक डेढ़ दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शेष की तलाश जारी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब शहर में शांति है। लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। शांति समिति और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पूरी तरह से शांति स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हिंसा में आधा दर्जन पुलिसकर्मियों सहित 45 लोग घायल हुए थे।


मुख्यमंत्री ने  बच्ची और  महिलाओं की जान बचाने वाले कांस्टेबल  को पदोन्नति करने के दिए निर्देश:-

उधर, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को हिंसा के दौरान एक बच्ची और तीन महिलाओं की जान बचाने वाले पुलिस के कांस्टेबल नेत्रेश शर्मा से मोबाइल पर बात की। उन्होंने  कांस्टेबल की प्रशंसा की और शर्मा को  हेड कांस्टेबल के रूप में पदोन्नत करने के भी निर्देश दिए ।

 हमलावरों ने घरों पर पहले से रखे थे पत्थर

पुलिस प्रशासन की जांच में सामने आया कि हिंसा के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने पथराव किया। एक समुदाय विशेष के लोगों के घरों की छतों पर भारी संख्या में पत्थर रखे हुए थे। लाठी और लोहे के सरियों से समुदाय विशेष के लोगों ने हंगामा किया था। हिंसा के चश्मदीदों का कहना है कि रैली के दौरान प्रशासन ने मात्र 30 पुलिसकर्मियों को तैनात किया था, जिसके कारण हालत ज्यादा बिगड़ गए। 

पापुलर फ्रंट आफ इंडिया ने भाजपा और संघ पर लगाया आरोप:-

इस बीच, पापुलर फ्रंट आफ इंडिया के उपाध्यक्ष अमिन व प्रवक्ता ताज मोहम्मद ने सोमवार को जयपुर में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिंसा फैलाकर राजनीतिक लाभ लेना चाहता है। उन्होंने कहा कि नवरात्र स्थापना के दिन कई शहरों में मुस्लिम इलाकों में रैली निकाल कर नारेबाजी की गई। रैली में ऐसे गाने बजाए गए जिनसे उन्माद फैले। उन्होंने हिंसा फैलाने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

जानें क्या हुआ था शनिवार को

करौली में दो अप्रैल को चैत्र नवरात्र के पहले दिन शाम को हिंदूवादी संगठनों द्वारा बाइक रैली निकाली गई थी। यह रैली शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए हटवाड़ा बाजार में पहुंची तो कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव के बाद शहर में हिंसा फैल गई। जहां एक वर्ग विशेष के लोगों ने 35 से ज्यादा दुकानों और दो घरों को आग के हवाले कर दिया। दो दर्जन से ज्यादा वाहन, थड़ी व ठेलों में भी आग लगा दी गई। पथराव के कारण बाइक रैली निकाल रहे लोगों को चोट आई। इसके बाद दोनों समुदाय आमने-सामने हो गए थे। हालात पर काबू पाने के लिए जयपुर से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजीव नाझरी, महानिरीक्षक भरत मीणा, प्रफुल्ल कुमार, उप महानिरीक्षक राहुल प्रकाश और मृदुल कच्छावा, 50 पुलिस उप अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के साथ ही 600 पुलिसकर्मी भेजे गए थे जो अभी भी घटना स्थल पर ही रुके हुए हैं।

Amit kumar TRAINEE JOURNALIST@IIMC DELHI