दिल्ली पहुंची राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू , नामांकन से पहले मोदी और शाह से की मुलाकात
Presidential candidate Murmu: राष्ट्रपति चुनाव की गर्मा गर्मी में दिल्ली पहुंची “राजग” की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू । ओडिशा भवन में है ठहराव, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर नामांकन प्रक्रिया जोरों पर।

इस साल 2022 में भारत में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं,जहां राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए उम्मीदवार अपनी सारी शक्तियों के साथ जुट चुके हैं। बता दें कि इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के हवाले से यह मालूम होता है कि , द्रौपदी मुर्मू के नामांकन पत्र संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर तैयार किए जा रहे हैं , द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावकों की लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर गहमा गहमी शुरू
राजग से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू(Draupadi Murmu) के दिल्ली पहुंचते ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सेंट्रल मिनिस्टर प्रह्लाद जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि, बीजू जनता दल (बीजद) के सस्मित पात्रा ने भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किया है। बीजद द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में आगे आई है। सूत्रों की मानें तो पार्टी के बड़े नेताओं के नेतृत्व में नामांकन पत्र दाखिल करने की गुंजाइश है। दिल्ली पहुंचने पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोर शोर से स्वागत किया था।
भाजपा नेताओं ने एयरपोर्ट पर गुलदस्ता देकर किया भव्य स्वागत
बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली पहुंचने पर द्रौपदी मुर्मू का हवाई अड्डे पर बीजेपी नेताओं ने गुलदस्ता देकर भव्य स्वागत अभिनंदन किया। फिलहाल वह ओडिशा भवन में रुकी हैं। दिल्ली आगमन से पूर्व द्रौपदी मुर्मू ने कहा था, ‘मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती हूं। मैं 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं (सांसदों) से मिलूंगी और उनका समर्थन मांगूंगी।’ द्रौपदी मुर्मू अगर राष्ट्रपति चुनाव जीतने में सफल हो जाती हैं, तो वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी,साथ ही इस पद को ग्रहण करने वाली भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति भी होंगी।